
हरिद्वार। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गंगदासपुर क्षेत्र का दौरा कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से आवश्यक जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ की कार्यप्रणाली को देखा और उन्हें सत्यापन कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से छूटना नहीं चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे खुद घर-घर जाकर डेटा का मिलान करें ताकि एक पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
डीएम मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीएलओ से कहा कि नए पात्र मतदाताओं (विशेषकर युवाओं) के नाम जोड़ने और मृत या स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का कार्य पूरी सजगता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा करें।
