नीलम सैनी
हरिद्वार | 01 जून, 2026 आज सोमवार को राजस्थान से आ रही एक यात्री बस सप्तऋषि चौकी के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। जिला आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में 25 यात्री घायल हुए हैं, जबकि एक महिला यात्री की दुखद मृत्यु हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल, NDRF, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। टीमों ने बिना समय गंवाए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायल यात्रियों को एम्बुलेंस के जरिए मेला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।जिला प्रशासन ने पुष्टि की है कि एक महिला यात्री ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जिला प्रशासन ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव मदद पहुँचाने का आश्वासन दिया गया है। दुर्घटना के कारण सप्तऋषि क्षेत्र में यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा, जिसे अब सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है।
