हरिद्वार, 12 जून। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित अलकनंदा होटल ग्राउंड में पिछले तीन दिनों से चल रहे भारतीय किसान मजदूर जनसेवा यूनियन के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज समापन हो गया। अधिवेशन के अंतिम दिन यूनियन ने सर्वसम्मत से 26 सूत्री मांग पत्र को अंतिम रूप दिया। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यह मांग पत्र देश के प्रधानमंत्री और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भेजा जाएगा और यदि अगले 3 महीनों के भीतर इन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो देशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।

अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव अभिषेक यादव ने सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “साल में केवल 4 सिलेंडर देकर सरकार ने इस योजना को सिर्फ एक शोपीस बनाकर रख दिया है।” इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर चिंता जताते हुए मांग की कि देश के हर गांव में डॉक्टरों और दवाइयों की उपलब्धता के साथ सरकारी अस्पताल खोले जाएं।
वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री अमर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दिलाया और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी देने की मांग को प्रमुखता से दोहराया।
यूनियन द्वारा जारी किए गए मांग पत्र में किसान और मजदूरों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को शामिल किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें शामिल हैं:
- MSP और कर्ज माफी: स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के तहत C-2 + 50% फार्मूले पर MSP का कानून बने और किसान-मजदूरों का संपूर्ण कर्ज माफ किया जाए।
- पेंशन और सब्सिडी: 60 वर्ष से अधिक आयु के किसान-मजदूरों को 5000 रुपये मासिक पेंशन दी जाए। साथ ही, उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर का दाम 500 रुपये तय हो या साल में 12 सिलेंडर पर सब्सिडी मिले।
- बिजली और पानी: खेती व घरेलू बिजली बिल पूरी तरह माफ हों, ट्यूबवेल के लिए मुफ्त बिजली मिले और नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक समय पर पानी पहुंचाया जाए।
- मनरेगा और रोजगार: मनरेगा के तहत कार्य दिवस बढ़ाकर 200 दिन किए जाएं और दैनिक मजदूरी 600 रुपये तय हो। खेत-मजदूरों के लिए 300 दिन के रोजगार की अलग योजना बने।
- कड़ा कानून: नकली खाद, बीज और कीटनाशक बेचने वाले मिलावटखोरों पर रासुका (NSA) लगाकर आजीवन कारावास की सजा दी जाए।
- मुआवजा और रियायतें: आवारा पशुओं से फसल सुरक्षा के लिए हर ब्लॉक में गौशाला बने। इसके अलावा, किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली और कृषि उपकरणों पर टोल टैक्स से पूरी छूट मिले।
इस तीन दिवसीय महाधिवेशन में देश और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। मुख्य रूप से राष्ट्रीय संगठन मंत्री आर. के. लोधी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमित यादव, प्रदीप कुमार बबलू, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप कुमार यादव, प्रदेश महासचिव राम सिंह, जौनपुर जिला अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती आरती राठौर और महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती संत रामपाल सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अधिवेशन का समापन उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा “जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं” के गगनभेदी नारों और संकल्प के साथ हुआ।
