
नीलम सैनी
हरिद्वार। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। घटना हरिद्वार के श्रवण नाथ घाट के सामने हाईवे पर हुई।
राहत की बात यह रही कि आग का अहसास होते ही मुस्तैदी दिखाते हुए बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बस में लगी आग के कारण निकलने वाले काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया। घटना के बाद दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दोनों ओर से वाहनों की रफ्तार थम गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया। वहीं, आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी सूचित किया गया जो कुछ ही देर में मौके पर पहुँचने वाली है। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है कि बस में आग किन कारणों से लगी।
